ड्रोन से पकड़े जुआरी, एमडी ड्रग के साथ आरोपी गिरफ्तार
इंदौर। होली के त्योहार पर इंदौर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मोर्चे पर सख्त रुख अपनाते हुए कई बड़ी कार्रवाइयां कीं। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में ड्रोन निगरानी के दौरान जुआ खेलते 8 लोग रंगे हाथ पकड़े गए, एमडी ड्रग के साथ एक आरोपी गिरफ्तार हुआ और खजराना क्षेत्र में 50 से अधिक बदमाशों को एहतियातन नजरबंद किया गया।
ड्रोन देखकर भागे जुआरी, पुलिस ने दबोचा
डीसीपी आनंद कल्यादगी के निर्देश पर बुधवार को द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिग्विजय नगर मल्टी इलाके में ड्रोन से की जा रही निगरानी में जुआ खेलते 8 लोग कैमरे में कैद हो गए। ड्रोन देखते ही आरोपियों ने ताश के पत्ते नीचे फेंके और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मौके पर ही सभी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम डाबर, सुनील जाट, सन्नी राठौर, सोहन सीताराम, मंशाराम भील, रोहित शिवा, पंकज राठौर और जीवन डाबर शामिल हैं। उनके पास से 6,400 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हीरानगर में एमडी ड्रग के साथ आरोपी गिरफ्तार, 18 पुराने मामले दर्ज
हीरानगर पुलिस ने होली के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में विनय उर्फ भांजा, पुत्र श्याम बामनिया, निवासी संविद नगर झोपड़ी, कालका माता मंदिर क्षेत्र को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 14 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है — उसके खिलाफ नशे की तस्करी और अवैध हथियार रखने से जुड़े पहले से करीब 18 मामले दर्ज हैं।
खजराना में 50 बदमाश नजरबंद, समझाइश के बाद रिहा
खजराना पुलिस ने होली पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके के करीब 50 संदिग्ध बदमाशों को एहतियातन नजरबंद किया। त्योहार के शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद सभी को उचित समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
लसूड़िया में दुकानें बंद, देर से खोलने वालों पर कार्रवाई
होली की शाम लसूड़िया क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए ढाबे, होटल और चाय-पानी की दुकानों को समय पर बंद करवाया। हालांकि शराब की दुकानें खुली रहीं। देर शाम जो दुकानदार अपनी दुकानें खोलने की कोशिश करते पाए गए, उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने ले जाया।
पुलिस के इस सख्त रवैये के चलते इस बार होली पर कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Thank you for reading this post!
