इंदौर के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “युवा संगम” रोजगार और अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला जिला रोजगार कार्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), और जिला उद्योग केन्द्र के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम 6 जनवरी 2025 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, नंदा नगर में होगा।
डिप्टी डायरेक्टर (रोजगार) पी.एस. मंडलोई ने बताया कि इस मेले में प्रतिभागियों को न केवल रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे, बल्कि स्वरोजगार के लिए लोन संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। मेले में इंदौर स्टील, विशाल फेब, रूपरंग, मोजेक वर्क स्कील, अल्ट्रोज टेक्नोलॉजी, पटेल मोटर्स, नवशक्ति बायो केयर, ऊर्जा टेक सर्विसेस, आईएफएफ ओवरसीज, और बी-एबल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
500 से अधिक पदों जैसे सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, पैकिंग स्टाफ, टीम लीडर, ड्राइवर, बैक ऑफिस असिस्टेंट, हेल्पर, इलेक्ट्रिशियन, फीटर, वेल्डर, टेलर, और सुरक्षा गार्ड के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इन पदों पर आकर्षक वेतन के साथ रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे उम्मीदवार, जिन्होंने आठवीं कक्षा से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन (किसी भी विषय में) या तकनीकी योग्यता जैसे आईटीआई पूरी की है, वे अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पा सकते हैं। प्रतिभागियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, और बायोडाटा की फोटो प्रतियां साथ लाने की आवश्यकता होगी।
Thank you for reading this post!
