इंदौर नगर निगम ने बुधवार को अपने दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया शुरू की। इस परियोजना के तहत, अगले एक साल में 90 लाख से अधिक महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड्स को डिजिटलीकृत कर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
डिजिटलाइजेशन की इस पहल का उद्देश्य है कि नागरिकों को किसी भी दस्तावेज के लिए निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता न हो। सभी दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे। इस परियोजना के तहत निगम मुख्यालय और ज़ोनल कार्यालयों के नेटवर्क एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा, साइबर सिक्योरिटी और रिस्क असेसमेंट जैसे कार्य भी एक साल के भीतर पूरे किए जाएंगे। इन सभी कार्यों पर कुल 2.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
डिजिटलीकरण के लाभ
- डिजिटल दस्तावेज लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगे।
- दस्तावेज़ों की ऑनलाइन उपलब्धता से नागरिकों को त्वरित सेवा मिलेगी।
- कर्मचारियों का फाइल ढूंढने में लगने वाला समय बचेगा।
- दस्तावेज़ों के रखरखाव की लागत में कमी आएगी।
डिजिटलीकरण का शुभारंभ करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा, “हमने भविष्य की तकनीकों को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना शुरू की है। इसका उद्देश्य नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों को हल करना और निगम की सेवाओं को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है। निगम की मुख्य संपत्ति इसके दस्तावेज हैं, जिन्हें अब सुरक्षित रखा जाएगा। निगम का स्वयं का पोर्टल भी तैयार हो रहा है, जो 1 अप्रैल से कार्य करना शुरू कर देगा। इसके अलावा, मोबाइल ऐप भी बनाया जा रहा है, जिससे नागरिक निगम की सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।”
त्रुटियों को सुधारा जाएगा
एमआईसी सदस्य राजेश उदावत ने बताया कि एक वर्ष के भीतर वेब बेस्ड डीएमएस एप्लीकेशन के माध्यम से 90 लाख से अधिक दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया जाएगा। इस प्रक्रिया में दस्तावेजों को स्कैन किया जाएगा। किसी त्रुटि के पाए जाने पर उसे सुधारा जाएगा और फिर डेटा एंट्री कर दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
प्रक्रिया का डेमो
कंपनी ने डिजिटलीकरण प्रक्रिया का डेमो देते हुए वर्ष 1946 की एक रसीद को स्कैन और सर्च किया। ऑफिस ऑफ द सिटी इम्प्रूवमेंट बोर्ड की रसीद को स्कैन कर प्लॉट नंबर डालने पर रसीद डिस्प्ले होने तक की पूरी प्रक्रिया समझाई।
इस अवसर पर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे, डॉ. उमा शशि शर्मा, सभापति मुन्ना लाल यादव, पूर्व सभापति अजय सिंह नरूका, निरंजन सिंह चौहान और मनीष शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Thank you for reading this post!
