मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। जहां एक ओर जबलपुर और ग्वालियर क्षेत्रों में भारी वर्षा हो रही है, वहीं इंदौर और उसके आसपास के इलाकों में फिलहाल केवल छिटपुट बारिश देखने को मिली है। मौसम विभाग के स्थानीय केंद्र के अनुसार, आने वाले सप्ताह में भी यही रुख बना रहेगा। बीते सप्ताह इंदौरवासियों को हल्की और बिखरी हुई बारिश से ही संतोष करना पड़ा, लेकिन आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में एक कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल में सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) दक्षिण राजस्थान से होते हुए मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इसका असर प्रदेश के कई हिस्सों के साथ इंदौर पर भी पड़ेगा और अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को शहर में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है और हवाएं 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।इस मानसून सीजन में 7 जुलाई तक इंदौर जिले में कुल 155.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो औसत से केवल 10 मिमी कम है। जिले के देपालपुर और महू तहसीलों में अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक वर्षा दर्ज की गई है। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर सोमवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे में 6.1 मिमी बारिश हुई, जबकि रीगल चौराहा स्थित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वेदर स्टेशन पर इसी अवधि में 17 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
Thank you for reading this post!
