इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। आईटी पार्क के पास एक टाटा एस लोडिंग वाहन ने पीछे से दो बाइक और एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में दोनों बाइक सवारों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं, जबकि एक युवक के सिर में भी गंभीर चोट लगी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बीट जवानों ने घायलों को ऑटो रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोडिंग वाहन का चालक शराब के नशे में था। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं, चालक का कहना है कि वाहन के ब्रेक फेल हो जाने के कारण हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
Thank you for reading this post!
