इंदौर नगर निगम के सभी जोनल ऑफिस, मुख्यालय, रजिस्ट्रार ऑफिस सहित विभिन्न स्थानों पर बुधवार, 25 फरवरी को विशेष कर संग्रहण शिविर (कैंप डे) आयोजित होगा। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक करदाताओं को एक ही दिन एक छत के नीचे सुविधा प्रदान कर उनके बकाया संपत्ति कर, जलकर एवं अन्य देयकों का तत्काल समाधान करना है।
कर वसूली अभियान को गति देने का प्रयास
राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ‘गुड्डू’ ने बताया कि निकाय स्तर पर कर एवं गैर-कर राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शिविर में करदाताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, बकाया राशि की जानकारी, कर निर्धारण पर मार्गदर्शन तथा ऑन-स्पॉट भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा, “यह एक दिवसीय शिविर करदाताओं के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जहां वे बिना किसी झंझट के अपने देयकों का निपटारा कर सकेंगे।”
घर बैठे ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
डिजिटल इंडिया को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप नंबर 7552465110 पर बकाया कर की जानकारी एवं ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था शुरू की है। इससे करदाताओं को कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
महापौर एवं निगमायुक्त ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे इस विशेष शिविर का लाभ उठाएं, बकाया करों का शीघ्र भुगतान करें तथा निगम के विकास कार्यों में सहयोग करें। प्रशासन ने शिविर के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
Thank you for reading this post!
