इंदौर | जयपुर में आयोजित 84वीं ऑल इंडिया ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी (AIOS) के वार्षिक सम्मेलन में इंदौर के दो युवा नेत्र रोग विशेषज्ञों—डॉ. रोहित अग्रवाल और डॉ. रक्षित अग्रवाल—ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
इस प्रतिष्ठित मंच पर शहर के ख्याति प्राप्त रेटिना विशेषज्ञ एवं रोहित आई हॉस्पिटल के डॉ. रोहित अग्रवाल को “इंटरनेशनल ऑप्थैल्मिक हीरोज ऑफ इंडिया” सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह गौरव रेटिना वर्ल्ड कांग्रेस 2025, मियामी (यूएसए) में “बेस्ट वीडियो अवॉर्ड” जीतने के लिए प्रदान किया गया, जो भारतीय चिकित्सा जगत के लिए गर्व का विषय है।
वहीं, डॉ. रक्षित अग्रवाल ने वर्ष 2025 का AIOS फिजिकल पोस्टर अवॉर्ड अपने नाम किया। उन्हें “कॉर्निया में सर्वश्रेष्ठ पोस्टर” श्रेणी में सम्मानित किया गया, जिसमें उन्होंने “द अल्सर ईएमआर: इम्प्लीमेंटिंग गूगल फॉर्म्स फॉर ए मेटिक्युलस डॉक्यूमेंटेशन” विषय पर अपने शोध और नवाचार को प्रस्तुत किया। यह उपलब्धि न केवल उनके समर्पण को दर्शाती है, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।
डॉ. रोहित अग्रवाल ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय मंच पर इंदौर का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद गर्व का विषय है। यह सम्मान केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि नेत्र चिकित्सा समुदाय की सामूहिक प्रगति का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य इलाज से आगे बढ़कर नवाचार और ज्ञान के माध्यम से मरीजों के जीवन में स्थायी बदलाव लाना है। मेरा यह वीडियो उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।”
डॉ. रक्षित अग्रवाल ने कहा, “देशभर के वरिष्ठ विशेषज्ञों और युवा शोधकर्ताओं के बीच यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए बेहद प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि नई तकनीक और शोध को अपनाकर हम नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकते हैं। मेरा प्रयास है कि क्लिनिकल प्रैक्टिस में डिजिटल टूल्स को शामिल कर मरीजों को और बेहतर उपचार और देखभाल प्रदान की जा सके।”
Thank you for reading this post!
