इंदौर: शहर के संगीत प्रेमियों के लिए रविवार, 29 मार्च को रेसकोर्स रोड स्थित लाभमंडपम सभागार में एक खास संगीतमय संध्या “नादब्रह्म” का आयोजन किया जाएगा। “सप्तरंगी स्वर लहरियां – भाग 12” श्रृंखला के अंतर्गत इस बार ‘गोल्डन बीट्स’ की मधुर प्रस्तुति शाम 4:30 बजे से शुरू होगी।
इस विशेष कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स अपनी गायकी का हुनर प्रस्तुत करेंगे। चिकित्सा और व्यवसाय जगत से जुड़े जाने-माने नाम मंच पर अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे।
कार्यक्रम की संयोजिका ममता मेहता के अनुसार, “नादब्रह्म का यह 12वां संस्करण संगीत के प्रति हमारे समर्पण और प्रेम को दर्शाता है। हमारा प्रयास है कि इस मंच के माध्यम से ऐसी सुर लहरियां प्रस्तुत की जाएं, जो श्रोताओं को सुकून और आनंद का अनुभव कराएं। ‘गोल्डन बीट्स’ के जरिए हम उन सदाबहार गीतों को फिर से जीवंत कर रहे हैं, जो वर्षों से दिलों में बसे हुए हैं। हम इंदौर के सभी संगीत प्रेमियों को इस खास शाम का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हैं।”
इस संगीतमय शाम में डॉ. अमिताभ गोयल, डॉ. संजय भटनागर, डॉ. मिताली श्रीमाल और डॉ. सुरेखा सोनी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, शहर के प्रमुख व्यवसायी आशुतोष कडेल, मयंक खंडेलवाल और नरेश शुक्ला भी अपनी गायकी से समां बांधेंगे। दीपेश जैन एवं उनकी टीम द्वारा संगीत संयोजन किया गया है, जबकि स्वरांश टीम कोरस के माध्यम से कार्यक्रम में मधुरता का रंग भरेगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम समय पर प्रारंभ होगा और सभी संगीत प्रेमियों को इसमें सादर आमंत्रित किया गया है।
Thank you for reading this post!
