— अब गोवा के लिए बचे सिर्फ दो विकल्प, यात्री परेशान
इंदौर। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर–गोवा के बीच चलने वाली अपनी नियमित उड़ान बंद कर दी है। इस फैसले से गोवा जाने वाले इंदौर के यात्रियों को सीधी, सुविधाजनक फ्लाइट का एक अहम विकल्प गंवाना पड़ा है। एविएशन सेक्टर से जुड़े जानकारों का मानना है कि इससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी।
ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TAFI) के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि बंद हुई फ्लाइट सुबह 10:55 बजे इंदौर से रवाना होती थी और दोपहर 12:30 बजे गोवा पहुंचती थी। वापसी में दोपहर 1:05 बजे गोवा से उड़ान भरकर 2:30 बजे इंदौर लौटती थी — यानी यह रूट दिन में सफर के लिए बेहद मुफीद था।
अब गोवा के लिए इंडिगो की एक नियमित फ्लाइट और एक रविवारीय उड़ान ही एकमात्र विकल्प बचे हैं। सीमित सीटों और बढ़ती मांग के बीच किराया बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गोवा रूट बंद करने के साथ-साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर–बेंगलुरु के बीच एक नई उड़ान शुरू की है। यह फ्लाइट शाम 4:25 बजे बेंगलुरु से इंदौर आएगी और शाम 5 बजे वापस बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।
इंदौर एयरपोर्ट से गोवा एक लोकप्रिय पर्यटन और व्यापार मार्ग है। फ्लाइट बंद होने से यात्रियों को या तो कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी होगी या बढ़े हुए किराए के साथ सीमित विकल्पों में से चुनना होगा।
Thank you for reading this post!
