इंदौर: शहर के यूनिक हॉस्पिटल ने आर्थोपेडिक जॉइंट रिप्लेसमेंट के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए अत्याधुनिक MISSO रोबोटिक प्रणाली की शुरुआत की है। 1 जनवरी से शुरू हुई यह एआई-आधारित तकनीक अब तक 20 मरीजों में घुटने की रिप्लेसमेंट सर्जरी को अधिक सटीक और प्रभावी बना चुकी है, जिसमें सभी मरीजों को बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं।
रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डॉ. कृष्णकांत नीमा के अनुसार, MISSO रोबोटिक तकनीक सर्जरी की सटीकता को बढ़ाने के साथ उपचार प्रक्रिया को भी सरल बनाती है। इस तकनीक के माध्यम से हड्डियों की न्यूनतम कटिंग होती है और आसपास के टिश्यू को कम नुकसान पहुंचता है, जिससे मरीजों की रिकवरी तेजी से होती है। साथ ही, दर्द में कमी और जटिलताओं का जोखिम भी काफी हद तक कम हो जाता है।
यह अत्याधुनिक प्रणाली सर्जनों को प्री-ऑपरेटिव प्लानिंग, रियल-टाइम फीडबैक और सटीक जॉइंट प्लेसमेंट में मदद करती है। इसके उपयोग से पार्शियल और टोटल नी रिप्लेसमेंट सर्जरी में मरीजों को कम दर्द का अनुभव होता है और वे जल्दी सामान्य जीवन में लौट पाते हैं।

यूनिक हॉस्पिटल के डायरेक्टर और रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. प्रमोद पी. नीमा ने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ जोड़ों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिनमें ऑस्टियोआर्थराइटिस प्रमुख कारण है। देश की लगभग 10% आबादी वरिष्ठ नागरिक होने के कारण जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन वर्तमान में यह संख्या जरूरत के मुकाबले काफी कम है। ऐसे में रोबोटिक तकनीक सर्जरी को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
रोबोटिक सिस्टम सर्जन को ऑपरेशन के दौरान रियल-टाइम सहायता प्रदान करता है, जिससे सटीक इम्प्लांट प्लेसमेंट संभव हो पाता है। यह तकनीक 3D CT स्कैन के आधार पर मरीज के शरीर के अनुसार पर्सनलाइज्ड सर्जिकल प्लान तैयार करती है, जिससे सर्जरी के बाद की जटिलताओं—जैसे इम्प्लांट का ढीला होना या जल्दी घिसना—कम हो जाती हैं।
मरीजों के लिए इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि छोटे चीरे, कम रक्तस्राव और तेज रिकवरी के कारण उन्हें अस्पताल में केवल 3–4 दिन ही रुकना पड़ता है।
गौरतलब है कि बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय अंतरराष्ट्रीय कंपनी मेरिल ने पिछले वर्ष जून में MISSO रोबोटिक सिस्टम लॉन्च किया था, जिसे जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
Thank you for reading this post!
