इंदौर। विजय नगर पुलिस ने मॉल के पास कार में बैठकर आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 10 लाख रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल के जरिए नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। शनिवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया।
एसीपी पराग सैनी के अनुसार, शुक्रवार को सूचना मिली थी कि ऑर्बिट मॉल के पास एक कार में दो लोग बैठकर अवैध गतिविधि चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
जांच के दौरान जब उनके मोबाइल फोन खंगाले गए तो पता चला कि वे आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 10 लाख रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और कार जब्त कर ली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश बिंदल और प्रियांश जैन (निवासी नीमच) के रूप में हुई है।
पुलिस अब जब्त मोबाइल के जरिए इनके पूरे नेटवर्क की जानकारी निकालने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कार में घूम-घूमकर सट्टा लगाने का काम कर रहे थे। वहीं, बरामद 10 लाख रुपये के स्रोत की भी जांच की जा रही है।
Thank you for reading this post!
