- 15 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी
- 80 हजार स्क्वायर फीट में भव्य ‘शाही’ व्यवस्थाएं, इंदौर में दिखी एकता और सेवा की मिसाल
इंदौर। इंदौर मालवा राजपूत विकास समिति द्वारा आयोजित ‘निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन’ ने भव्यता के नए मानक स्थापित किए। समिति के अध्यक्ष मांगूसिंह पहलवान कांकरिया बोर्डिया (हातोद) के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में 75 जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न हुआ, जबकि हजारों समाजजन इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश्वर सिंह सिसोदिया के अनुसार, सुबह से ही आयोजन स्थल का दृश्य किसी राजसी समारोह जैसा नजर आया। शंखनाद, घंटों और घड़ियाल की ध्वनि तथा बैंड-बाजों के बीच वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं द्वारा गाए गए मंगल गीतों ने पारंपरिक संस्कृति की छटा बिखेरी।
आयोजकों की ओर से नवदंपतियों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान भेंट किया गया। साथ ही, सभी अतिथियों के लिए भव्य ‘शाही भोजन’ की विशेष व्यवस्था की गई। करीब 80 हजार स्क्वायर फीट में फैले आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं इतनी सुसंगठित थीं कि हर आगंतुक ने इसकी सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा और इंदौर सांसद शंकर लालवानी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए आयोजन की सराहना की। विशेष अतिथियों में कृष्णा सिंह पटेल (अध्यक्ष, राजपूत उत्थान समिति, उज्जैन), दुलेसिंह राठौर (डायरेक्टर), राकेश सिंह (काका ठाकुर), घनश्याम सिंह चौहान, चेतन सिंह चौहान और संजू तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस आयोजन में 15 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिसने समाज की एकजुटता का प्रभावी संदेश दिया। समिति के अध्यक्ष मांगूसिंह पहलवान ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाना ही समिति का प्रमुख उद्देश्य है।
Thank you for reading this post!
