कुछ ही घंटों में सुरक्षित लौटाया सामान, जीआरपी ने पेश की ईमानदारी और मुस्तैदी की मिसाल
इंदौर। थाना जीआरपी इंदौर की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री को लाखों रुपये के जेवरों से भरा बैग सुरक्षित वापस मिल गया। जीआरपी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस की ईमानदारी और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना जीआरपी इंदौर से उपनिरीक्षक सियाराम निनामा को सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन क्रमांक 14116 प्रयागराज एक्सप्रेस के कोच एस-2 की बर्थ क्रमांक 33 एवं 34 पर एक यात्री का ब्लू कलर का ट्रॉली बैग और एक अन्य बैग छूट गया है। यह सूचना तत्काल चौकी जीआरपी डॉ. अंबेडकर नगर (महू) को दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जीआरपी डॉ. अंबेडकर नगर (महू) सहायक उपनिरीक्षक विंसेंट चम्पावत के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। टीम में प्रधान आरक्षक 117 हुकुमचंद वर्मा, प्रधान आरक्षक 565 कृष्णा चौहान एवं प्रधान आरक्षक 529 धनंजय सिंह शामिल थे। ट्रेन के महू स्टेशन पहुंचते ही पुलिस टीम ने संबंधित कोच में पहुंचकर दोनों बैग सुरक्षित बरामद किए और उन्हें चौकी जीआरपी डॉ. अंबेडकर नगर (महू) लाया गया।
इसके बाद थाना जीआरपी इंदौर के माध्यम से यात्री से संपर्क किया गया। फरियादी मुकेश कुमार प्रजापत पिता अरुण कुमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ओमेक्स हिल्स पैलेस परिसर फेस-2, राऊ जिला इंदौर, चौकी पर पहुंचे। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनका ट्रॉली बैग एवं अन्य सामान विधिवत सुपुर्द कर दिया गया।
बरामद बैग में इस्तेमाली कपड़ों के अलावा लगभग 57 ग्राम सोने के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, नगद 9 हजार रुपये तथा अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी सुरक्षित रखी हुई थी।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने जीआरपी पुलिस की कार्यप्रणाली, ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
Thank you for reading this post!
