इंदौर: आधुनिक जीवनशैली, बढ़ता मानसिक तनाव और अनियमित खानपान आज हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या को तेजी से बढ़ा रहे हैं। इसी बढ़ती चुनौती को देखते हुए अन्नपूर्णा रोड स्थित यूनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने शहर में एक समर्पित हाइपरटेंशन क्लिनिक की शुरुआत की है। यह विशेष क्लिनिक उन मरीजों के लिए तैयार किया गया है जो उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं या इससे जुड़ी जटिलताओं के जोखिम में हैं।
हाइपरटेंशन क्लिनिक का शुभारंभ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट एवं गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. वत्सल कयाल और कंसल्टेंट मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुहानी कयाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।
इस दौरान डॉ. वत्सल कयाल ने कहा कि हाइपरटेंशन को अक्सर “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण कई बार स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। यदि समय रहते इसे नियंत्रित नहीं किया जाए तो यह हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी संबंधी बीमारियों सहित कई गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि नियमित जांच और लगातार मॉनिटरिंग इस बीमारी के प्रभावी नियंत्रण के लिए बेहद आवश्यक है। समर्पित हाइपरटेंशन क्लिनिक के माध्यम से डॉक्टरों और मरीजों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे समय पर निदान, सही उपचार, नियमित फॉलोअप और दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल दवाइयों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में हाइपरटेंशन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बीमारी की गंभीरता समझाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।
वहीं डॉ. सुहानी कयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल इंदौर में अपनी तरह की एक संगठित और विशेष स्वास्थ्य सेवा है, जहां मरीजों को तय समय पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामान्य ओपीडी में मरीजों को अक्सर लंबा इंतजार करना पड़ता है और नियमित फॉलोअप में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह समर्पित क्लिनिक मरीजों को अधिक व्यवस्थित और केंद्रित चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि हाइपरटेंशन क्लिनिक प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान केवल हाई ब्लड प्रेशर से संबंधित मरीजों की जांच, जोखिम मूल्यांकन, दवाओं की समीक्षा, परामर्श और उपचार प्रबंधन किया जाएगा। साथ ही मरीजों को खानपान, नियमित व्यायाम, शारीरिक गतिविधियों और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जाएंगे।
डॉ. सुहानी कयाल ने कहा कि समय पर जांच, चिकित्सकीय सलाह और संतुलित जीवनशैली अपनाकर हाइपरटेंशन को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है तथा इससे होने वाली गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।
Thank you for reading this post!
