एक माह के लिए पंजीयन निरस्ती की चेतावनी
इंदौर। शहर के प्रमुख निजी अस्पतालों में शामिल केयर सीएचएल अस्पताल स्वास्थ्य विभाग की जांच में गंभीर अनियमितताओं के घेरे में आ गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय द्वारा अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किए जाने के बाद विभिन्न विभागों में कई त्रुटियां सामने आई हैं, जिसके चलते अस्पताल को एक कैलेंडर माह के लिए पंजीयन निरस्ती की सूचना जारी की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण टीम ने अस्पताल के ओपीडी, आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग, फार्मेसी, कार्डियक एवं न्यूरो सर्जरी आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, मेडिकल रिकॉर्ड विभाग (एमआरडी), पीसीपीएनडीटी विभाग, पैथोलॉजी लैब, ब्लड बैंक तथा भवन रखरखाव से जुड़े दस्तावेजों का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और प्रक्रियाओं में कमियां पाई गईं। टीम ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी, जिसके आधार पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल में पाई गई अनियमितताएं मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल संचालन से जुड़े मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इसी के मद्देनजर केयर सीएचएल अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक माह के लिए पंजीयन निरस्ती की सूचना दी गई है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब और आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।
गौरतलब है कि केयर सीएचएल अस्पताल शहर के बड़े निजी अस्पतालों में गिना जाता है। ऐसे में निरीक्षण में सामने आई कमियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी व्यवस्था और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर बहस छेड़ दी है।
Thank you for reading this post!
