इंदौर। केयर सीएचएल हॉस्पिटल, इंदौर के स्माइल ट्रेन क्लेफ्ट सेंटर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं वरिष्ठ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. जयदीप सिंह चौहान को इंडोनेशिया के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सम्मेलन PIT PABMI 2026 में अंतरराष्ट्रीय वक्ता और क्लेफ्ट पैलेट रिकंस्ट्रक्शन इंस्ट्रक्टर के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन 13 से 15 अगस्त 2026 तक इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित होटल टेंट्रेम में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न देशों के ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन, शिक्षाविद, शोधकर्ता और प्रशिक्षु शामिल होंगे।
सम्मेलन की आयोजन समिति द्वारा जारी आधिकारिक आमंत्रण के अनुसार, 13 अगस्त को आयोजित “स्पेशल मेडिकल सिम्युलेशन बाय स्माइल ट्रेन – क्लेफ्ट पैलेट रिकंस्ट्रक्शन” सत्र का नेतृत्व डॉ. चौहान करेंगे। इस दौरान वे क्लेफ्ट पैलेट रिकंस्ट्रक्शन पर विशेष हैंड्स-ऑन वर्कशॉप आयोजित करेंगे, जिसमें विशेषज्ञ सर्जनों को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्कशॉप का उद्देश्य क्लेफ्ट सर्जरी की नवीनतम तकनीकों और बेहतर उपचार पद्धतियों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों तक पहुंचाना है।
डॉ. चौहान ने कहा कि क्लेफ्ट पैलेट जैसी जन्मजात विकृतियों का समय पर और वैज्ञानिक तरीके से उपचार बच्चों के जीवन की गुणवत्ता को पूरी तरह बदल सकता है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच विभिन्न देशों के विशेषज्ञों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने, नई तकनीकों को अपनाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में विकसित क्लेफ्ट केयर मॉडल और स्माइल ट्रेन के सहयोग से अर्जित अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
केयर सीएचएल हॉस्पिटल प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह आमंत्रण केवल डॉ. जयदीप सिंह चौहान की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि इंदौर, मध्यप्रदेश और भारत की चिकित्सा विशेषज्ञता की अंतरराष्ट्रीय पहचान का भी प्रमाण है। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि ऐसे वैश्विक मंचों पर भारतीय विशेषज्ञों की भागीदारी से चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान और तकनीक के आदान-प्रदान को नई दिशा मिलेगी, जिससे भविष्य में मरीजों को और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना संभव होगा।
Thank you for reading this post!
