3 साल में 15 हजार युवाओं को ट्रेनिंग देने का लक्ष्य
इंदौर। मध्यप्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कंटेंट प्रोडक्शन और डिजिटल क्रिएटिव इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए इंदौर में अत्याधुनिक प्रोडक्शन स्टूडियो एवं स्किलिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा। ‘मेटा विजुअल्स’ नाम से विकसित होने वाला यह सेंटर करीब 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनेगा। अगले तीन वर्षों में 15 हजार युवाओं को AI आधारित प्रोफेशनल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है।
एमपी सेमी समिट 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में इक्ष्वाकुमीडिया प्राइवेट लिमिटेड के इस प्रोजेक्ट को अनुमोदन मिला। यह परियोजना मध्यप्रदेश सरकार की AVGC-XR नीति के अनुरूप विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रदेश में AI आधारित कंटेंट निर्माण और डिजिटल क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र को बढ़ावा देना है।
IT पार्क-4 में विकसित होगा सेंटर
इंदौर के इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स स्थित IT पार्क-4 में प्रस्तावित इस सेंटर में जनरेटिव AI, कंटेंट प्रोडक्शन, AI-VFX, वेब सीरीज, माइक्रो ड्रामा, विज्ञापन फिल्में और डिजिटल मीडिया से जुड़ी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां युवाओं को प्रशिक्षण के साथ व्यावहारिक अनुभव भी उपलब्ध कराने की योजना है। सेंटर का संचालन अगले तीन से चार महीनों में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले चरण में 200 युवाओं को जोड़ने की योजना
मेटा विजुअल्स के सह-संस्थापक अंकित कुशवाह ने कहा कि उन्होंने कॉलेज के दिनों में विजुअल डिजाइन और कंटेंट से जुड़े स्टार्टअप के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी। अब इंदौर में AI स्किलिंग सेंटर और प्रोडक्शन स्टूडियो स्थापित करने की स्वीकृति मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकों में प्रशिक्षित कर वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करना है।
कंपनी के सह-संस्थापक सोमिल जैन ने कहा कि AI कंटेंट निर्माण के साथ रचनात्मकता और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा सकता है। कंपनी मध्यप्रदेश में ऐसा इकोसिस्टम विकसित करना चाहती है, जहां युवा तकनीक और रचनात्मकता के समन्वय से विश्वस्तरीय कंटेंट तैयार कर सकें।
स्किलिंग सेंटर के पहले चरण में करीब 200 युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की योजना है। वहीं, अगले तीन वर्षों में 15 हजार युवाओं को AI आधारित प्रोफेशनल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
AI आधारित प्रोडक्शन पर भी काम कर रही कंपनी
इक्ष्वाकुमीडिया अपनी इन-हाउस जनरेटिव AI तकनीक, ऑटोमेशन टूल्स और उन्नत प्रोडक्शन वर्कफ्लो विकसित करने पर भी काम कर रही है। कंपनी वेब सीरीज, माइक्रो ड्रामा और विज्ञापन फिल्मों के लिए AI आधारित समाधान तैयार कर रही है तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं पर काम कर रही है।
मेटा विजुअल्स की स्थापना से इंदौर में AI आधारित कंटेंट प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया, AVGC-XR और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
Thank you for reading this post!
