इंदौर। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही शहर में उत्साह का माहौल है। चिमनबाग स्थित पटाखा मार्केट में इस बार 80 से अधिक दुकानें लगाई गई हैं, जहां रंग-बिरंगे और आकर्षक पटाखों की भरमार है।
बाजार में खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ पहुंच रही है। खासतौर पर बच्चों में पटाखों को लेकर जबरदस्त उत्साह है और वे अपनी पसंद के पटाखे चुनते नजर आ रहे हैं। परिवार के लोग भी दीपावली की तैयारियों के साथ खरीदारी में जुटे हैं।
चिमनबाग के अलावा शहर में दशहरा मैदान, गौपुर चौराहा, राऊ रोड और रीजनल पार्क सहित कई अन्य स्थानों पर भी पटाखों की दुकानें सजी हैं। इन दुकानों पर फुलझड़ी, अनार, रॉकेट, चकरी, सुतली बम और पॉप-पॉप जैसे कई तरह के आतिशबाजी आइटम उपलब्ध हैं। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की पसंद और जरूरत को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग वैरायटी मंगवाई गई है।
दीपावली की रौनक के बीच चिमनबाग का पटाखा बाजार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। खरीदारी का उत्साह देखते ही बन रहा है और बाजार में चारों ओर त्योहारी माहौल छाया है।
अपील: दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। पटाखे खरीदते और चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और बच्चों के साथ बड़ों की निगरानी जरूर रखें।
Thank you for reading this post!
