जनजातीय गौरव दिवस पर हुआ आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली जुड़कर जनजातीय समाज के योगदान को किया याद, कहा- भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा
बड़वानी/इंदौर। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बड़वानी जिले के निवाली में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष कर जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान के प्रति जागरूक किया। उनके नेतृत्व में हुए उलगुलान आंदोलन ने ब्रिटिश शासन को चुनौती देने के साथ ही जनजातीय समाज में नई चेतना का संचार किया। उनका जीवन हमें जल, जंगल, जमीन और अपनी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा भावी पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देगी। इस अवसर पर उन्होंने सभी से जनजातीय संस्कृति, भाषा, परंपराओं और विरासत के संरक्षण के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करने का संकल्प लेने की अपील की।
वनाधिकार पत्र के हितग्राहियों से मुख्यमंत्री ने की चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामुदायिक वन अधिकार योजना के हितग्राहियों से वर्चुअली संवाद भी किया। उन्होंने ग्राम बोरकुंड के बेरसिया मांगला और ग्राम डाबरी के मनीराम नानला से चर्चा की। दोनों हितग्राहियों ने योजना के लाभ के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, ग्राम आमझिरी के अकरभाई धनसिंह ने व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र योजना के तहत 2.5 हेक्टेयर भूमि का अधिकार मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिमा का अनावरण
निवाली में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, सुरेन्द्र शर्मा, बाबूलाल यादव और नगर परिषद अध्यक्ष तरुणा नरेंद्र सिसोदिया ने किया।
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने जनजातीय लोकगीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कांता विकलांग आश्रम झाकर, खेल परिसर निवाली, कस्तूरबा गांधी आश्रम निवाली और मॉडल स्कूल निवाली के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, ग्राम खड़की के ग्रामीणों ने पारंपरिक मोरपंखी नृत्य की विशेष प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य जुलाल वसावे, जनपद पंचायत पानसेमल अध्यक्ष शीला विनोद वसावे, नगर परिषद अध्यक्ष शैलेश भंडारकर सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post!
