इंदौर। इंदौर के प्रमुख उद्योगपति और कोयला कारोबारी विनोद अग्रवाल ने परोपकार के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलान्थ्रोपी लिस्ट-2026 में 24 करोड़ रुपए के दान के साथ उन्होंने देशभर में 60वां स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि विनोद अग्रवाल लगातार छठे वर्ष इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुए हैं।
पिछले वर्ष उन्होंने 19 करोड़ रुपए का दान देकर सूची में 71वां स्थान हासिल किया था। इस वर्ष उनके योगदान में 5 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है, वहीं रैंकिंग में भी 11 स्थान का सुधार दर्ज किया गया है।
लगातार छह वर्षों से परोपकार के क्षेत्र में सक्रिय
विनोद अग्रवाल पिछले कई वर्षों से देश के प्रमुख दानदाताओं में अपनी जगह बनाए हुए हैं। वर्ष 2024 में 20 करोड़ रुपए के दान के साथ वे 58वें स्थान पर रहे थे। इससे पहले 2023 में 34 करोड़ रुपए के दान के साथ उन्हें 31वां स्थान मिला था। वहीं, 2022 में 30 करोड़ रुपए के दान के साथ 34वां और 2021 में 11 करोड़ रुपए के योगदान के साथ 66वां स्थान हासिल किया था।
10,200 करोड़ की संपत्ति के साथ मध्यप्रदेश के सबसे अमीर उद्योगपति
परोपकार के साथ कारोबारी क्षेत्र में भी विनोद अग्रवाल ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सितंबर 2026 में जारी एमएम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2026 में उन्हें मध्यप्रदेश का सबसे धनी उद्योगपति घोषित किया गया था। इस सूची के अनुसार, उनकी अनुमानित संपत्ति 10,200 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही वे देश के सबसे अमीर उद्योगपतियों की सूची में 365वें स्थान पर रहे।
अन्नसेवा से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा तक कई जनकल्याणकारी पहल
विनोद अग्रवाल बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नसेवा, गोसेवा, खेलकूद और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
फाउंडेशन की प्रमुख पहलों में उज्जैन का महाकाल अन्नक्षेत्र, अयोध्या का चमेली देवी अग्रवाल अन्नक्षेत्र, अन्नपूर्णा सेवा परियोजना और नीना विनोद अग्रवाल अन्नप्रसादम शामिल हैं। इसके अलावा जरूरतमंद बच्चों के हृदय उपचार में आर्थिक सहयोग, नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, शिक्षा को प्रोत्साहन और गोसंरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
समाज कल्याण में भी होना चाहिए व्यापार की सफलता का योगदान
विनोद अग्रवाल का मानना है कि ईश्वर ने व्यक्ति को जो सामर्थ्य और संसाधन दिए हैं, उनका एक हिस्सा समाज के कल्याण के लिए अवश्य समर्पित करना चाहिए। उनके अनुसार, व्यापार में मिली सफलता का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका लाभ समाज के जरूरतमंद वर्गों तक भी पहुंचे।
वे समाजसेवा को केवल आर्थिक दान तक सीमित नहीं मानते, बल्कि इसे ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और मानवता की सेवा करने का एक माध्यम मानते हैं।
Thank you for reading this post!
