इंदौर के खजराना इलाके में बुधवार शाम गोदाम में लगी आग के बाद गुरुवार सुबह प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू की। निजी कृषि भूमि पर कई कारोबारियों द्वारा बनाए गए अवैध टीन शेड ढहाए गए, जहां बिना अनुमति के ज्वलनशील रसायन और पायरो उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। कलेक्टर शिवम वर्मा के अनुसार सभी दुकानें नियम विरुद्ध थीं और पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसडीएम प्रदीप सोनी ने बताया कि आग के बाद क्षेत्र को सील कर दिया गया था और निरीक्षण में 18–20 अवैध टीन शेड मिले। कई स्थानों पर अत्यंत ज्वलनशील रसायन बरामद हुए, जिनके भंडारण की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। भूमि सलीम पिता अनार के नाम दर्ज है, जिसके खिलाफ बिना लैंड यूज परिवर्तन और बिल्डिंग परमिशन लिए निर्माण करने पर एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। प्रशासन ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और खतरनाक सामग्री रखने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। आग की घटना के बाद अब इन मामलों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके और रहवासी क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
Thank you for reading this post!
