इन्दौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल ने वर्ष 2025 में बड़ी उड़ान भरी है। देश के प्रमुख सरकारी एयरपोर्ट पर होने वाले यात्री सुविधा सर्वे में इंदौर एयरपोर्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि 2024 में इंदौर देश में 10वें स्थान पर था। इस तरह इंदौर एयरपोर्ट ने एक ही साल में यात्री सेवाओं में सुधार करते हुए 7 पायदान की बढ़त हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) द्वारा भारत के 16 एयरपोर्ट के साथ ही एशिया पेसिफिक के 18 देशों के 98 एयरपोर्ट पर लगातार एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वे किया जाता है। ये सर्वे उन एयरपोर्ट पर किया जाता है जहां सालाना यात्री संख्या 18 लाख से ज्यादा होती है। इसके त्रैमासिक और वार्षिक नतीजे जारी किए जाते हैं। कल शाम एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एसीआई द्वारा जारी किए गए देश के एयरपोर्ट्स के वर्ष 2025 के सालाना सर्वे के नतीजे घोषित किए।
इनमें इंदौर एयरपोर्ट को देश में तीसरा स्थान मिला है। इंदौर एयरपोर्ट को यात्रियों ने विभिन्न सुविधाओं के मामले में 5 में से 4.92 अंक दिए हैं। जबकि वर्ष 2024 में इंदौर एयरपोर्ट 4.82 अंकों के साथ देश में 10वें स्थान पर था। इस तरह 0.10 अंकों के साथ इंदौर एयरपोर्ट ने 7 पायदान की बढ़त दर्ज की है। हालांकि इंदौर एयरपोर्ट इस सर्वे में अपनी श्रेणी में भारत सहित एशिया में पहले स्थान पर भी रह चुका है।
31 बिंदुओं पर यात्रियों से लिये जाते हैं अंक
इस सर्वे के तहत एयरपोर्ट पर आने और जाने वाले यात्रियों से एयरपोर्ट पर मौजूद सुविधाओं के मामले में 31 अलग-अलग कैटेगरी में अंक लिए जाते हैं। इन में साफ-सफाई, पार्किंग, स्टाफ का व्यवहार, शॉपिंग सुविधा, खान-पान की सुविधा जैसे कई बिंदु शामिल होते हैं। इन्हीं बिंदुओं पर यात्री एयरपोर्ट को 1 से 5 के बीच नंबर देते हैं। 1 सबसे खराब और 5 सबसे अच्छा होता है। इस बार के सर्वे में एयरपोर्ट ने 31 में से 30 बिंदुओं पर 2024 की अपेक्षा बढ़त दर्ज की है, सिर्फ पासपोर्ट स्टाफ के व्यवहार के मामले में पिछले वर्ष की अपेक्षा एयरपोर्ट को इस वर्ष कम अंक मिले हैं।
पुणे पहले और गोवा दूसरे स्थान पर
एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जारी किए गए एसीआई सर्वे के नतीजों में पुणे एयरपोर्ट 4.94 अंकों के साथ पहले स्थान पर और गोवा एयरपोर्ट 4.93 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं 4.92 अंकों के साथ इंदौर तीसरे और वाराणसी ने 4.91 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया है।
2025 के देश के टॉप 10 एयरपोर्ट और उन्हें मिले अंक
रैंकिंग एयरपोर्ट अंक
1. पुणे 4.94
2. गोवा 4.93
3. इंदौर 4.92
4. वाराणसी 4.91
5. कोलकाता 4.90
6. चेन्नई 4.90
7. देहरादून 4.88
8. रायपुर 4.86
9. त्रिची 4.85
10. भुवनेश्वर 4.85
यात्री सुविधाओं को लगातार बेहतर करने पर हो रहा काम
इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों को सबसे बेहतर सुविधा मिल सके इसके लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सर्वे में इंदौर को देश में तीसरा स्थान मिला है, जबकि पिछली बार इंदौर दसवें स्थान पर था। यह संकेत है कि हम सही दिशा में काम कर रहे हैं। हमारी कोशिश है कि 2026 में इंदौर देश ही नहीं बल्कि दुनिया में पहले स्थान पर पहुंचे।
– सुनील मग्गीरवार, एयरपोर्ट डायरेक्टर, इंदौर
Thank you for reading this post!
