बृजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में बुधवार को लगी भीषण आग ने 8 लोगों की जान ले ली, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया।
मृतक मनोज पुगलिया के बड़े बेटे सौरभ ने बताया कि आग गाड़ी की चार्जिंग से नहीं, बल्कि बिजली पोल पर हुए सर्किट के कारण लगी। पहले कार जली, फिर अंदर खड़ी बाइक में आग फैल गई। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड एक से डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। समय पर आ जाती तो कुछ जानें बच सकतीं। टैंकरों में पानी की कमी थी और एक टैंकर चालक गलत गली में चला गया। फायर ब्रिगेड के पास सीढ़ी भी नहीं थी।
परिवार से मुलाकात के बाद सीएम ने कहा, “घर के अंदर दरवाजे जाम हो जाना बेहद दुखद है। जांच रिपोर्ट का इंतजार करेंगे।” उन्होंने ईवी चार्जिंग सिस्टम और इलेक्ट्रिक लॉक्स को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया, ताकि खराबी होने पर जानमाल का नुकसान न हो। अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सीएम बोले, “मैंने वीडियो भी देखा है। भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए आईआईटी सहित विशेषज्ञों से चर्चा करेंगे।”
हादसे में 8 की मौत, जिसमें 3 बच्चे शामिल
बुधवार को हुए इस अग्निकांड में मनोज पुगलिया, उनकी बहू सिमरन, साले विजय, साले की पत्नी सुमन, बेटी रुचिका, नाती कार्तिक, राशि और तनय की मौत हो गई। मनोज की पत्नी सुनीता व बेटे सौरभ व बाबू बच निकले। घटना के बाद कैलाश विजयवर्गीय सहित बीजेपी-कांग्रेस नेताओं ने परिवार से मिलकर संवेदना जताई।
Thank you for reading this post!
