इंदौर से मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द ही राहत मिल सकती है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर से आठ बार सांसद रहीं सुमित्रा महाजन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इंदौर-मुंबई मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग की है।
अपने पत्र में महाजन ने बताया कि इंदौर और मुंबई के बीच यातायात का अत्यधिक दबाव है, लेकिन फिलहाल केवल दो ट्रेनें, अवंतिका एक्सप्रेस और दुरंतो एक्सप्रेस ही संचालित हो रही हैं, जो इस रूट की जरूरतों के लिए अपर्याप्त हैं।
महाजन ने सुझाव दिया कि इस व्यस्त मार्ग पर वंदे भारत या कोई अन्य तेज गति की यात्री ट्रेन की सेवा शुरू की जाए, ताकि यात्रियों को समय की बचत और अधिक सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि यदि फिलहाल वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत संभव नहीं हो, तो दुरंतो एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाया जाए और उसके समय सारणी में सुधार किया जाए।
इस मुद्दे को लेकर शहर के नागरिकों और व्यापारिक समुदाय में भी उम्मीदें जाग उठी हैं। इंदौर-मुंबई मार्ग पर तेज और सुविधाजनक रेल सेवा की लंबे समय से मांग की जा रही है।
Thank you for reading this post!