इंदौर। भारत ने टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में गुरुवार को इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बना ली। टीम इंडिया की इस जीत के बाद इंदौर में जश्न का माहौल बन गया। शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जुटे और तिरंगा लहराते हुए जमकर उत्सव मनाया।
टीम इंडिया की जीत का गवाह एक बार फिर राजवाड़ा बना। जैसे ही इंग्लैंड की टीम मैच हारी, शहर के कई हिस्सों में आतिशबाजी और पटाखों की गूंज सुनाई देने लगी। मैच देखने के लिए कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई थीं, जहां लोग देर रात तक मुकाबले का आनंद लेते रहे।
जैसे-जैसे जीत भारत के करीब आती गई, वैसे-वैसे लोग टीवी स्क्रीन छोड़कर वाहनों से राजवाड़ा की ओर बढ़ने लगे। शुरुआत में कुछ ही लोग पहुंचे थे, लेकिन देखते ही देखते वहां क्रिकेट प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए, जिससे पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया।
युवाओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया, वहीं कई लोग देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। कई परिवार भी अपने बच्चों के साथ तिरंगा लेकर जश्न मनाने पहुंचे। उत्साह से भरे लोग नाचते-गाते हुए मोबाइल पर रील्स भी बनाते दिखाई दिए।
कुछ देर बाद चौक पर मौजूद भीड़ को पुलिस ने घर लौटने की अपील की। पुलिस के इस रवैये का एक भाजपा नेता ने विरोध भी जताया। उनका कहना था कि जब तक क्रिकेट प्रेमी शांतिपूर्वक जश्न मना रहे हैं, तब तक उन्हें उत्सव मनाने दिया जाना चाहिए। हालांकि देर रात करीब साढ़े 12 बजे तक राजवाड़ा क्षेत्र धीरे-धीरे खाली होने लगा। अब शहर के क्रिकेट प्रेमियों को 8 मार्च को होने वाले फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।
Thank you for reading this post!
