इंडिगो फ्लाइट टेक्निकल फॉल्ट के कारण रनवे से लौटी
इंदौर से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो) सोमवार को उड़ान भरने के दौरान अचानक रनवे से लौट आई। विमान में 80 से अधिक यात्री सवार थे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी समस्या के कारण फ्लाइट को बीच में ही रोकना पड़ा।
इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि विमान में मामूली तकनीकी खराबी पाई गई थी। जरूरी जांच और सुधार कार्य के बाद फ्लाइट ने दोबारा उड़ान भरी और भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गई। विमान तकरीबन ढाई घंटे तक रनवे पर ही खड़ा रहा और इस दौरान यात्री विमान में ही बैठे रहे।
यह फ्लाइट सामान्यतः भुवनेश्वर से सुबह 6:15 बजे उड़ान भरती है और लगभग 8:15 बजे इंदौर पहुंचती है। आज यह विमान निर्धारित समय से पहले, सुबह 7:39 बजे ही लैंड कर गया था। इसके बाद यह फ्लाइट सुबह 9:00 बजे इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना होती है और लगभग 10:55 बजे वहां लैंड करती है। आगे यह विमान भुवनेश्वर से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरता है।
रविवार को एअर इंडिया की दिल्ली उड़ानें भी रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
रविवार देर रात इंदौर से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI804 रद्द कर दी गई। यह फ्लाइट रात 10:25 बजे इंदौर से रवाना होती और रात 12:20 बजे दिल्ली पहुंचती, लेकिन तकनीकी या परिचालन कारणों से उड़ान रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ी।
इसके साथ ही, दिल्ली से इंदौर आने वाली फ्लाइट AI803 भी रविवार को रद्द रही। यह विमान शाम 6:40 बजे दिल्ली से उड़ान भरता और रात 8:15 बजे इंदौर लैंड करता। फिलहाल दोनों उड़ानों के रद्द होने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
शनिवार को जबलपुर जाने वाली फ्लाइट अंतिम समय में रद्द
शनिवार को इंदौर से जबलपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी बिना पूर्व सूचना अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया गया। यात्री सुबह 6:00 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। शुरू में उन्हें बताया गया कि उड़ान में लगभग 30 मिनट की देरी होगी। बाद में उन्हें बोर्डिंग के लिए टर्मिनल से विमान की ओर ले जाया गया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक बस में बैठाए रखने के बाद उन्हें सूचित किया गया कि फ्लाइट रद्द हो गई है और उन्हें वापस टर्मिनल में छोड़ दिया गया।
Thank you for reading this post!