इंदौर नगर निगम ने पीएम मोदी का जताया आभार, शहर विकास के लिए भी लिए अहम निर्णय
इंदौर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में इंदौर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में सिटी बस कार्यालय सभागार में एक विशेष बैठक आयोजित की। इस बैठक में अधिनियम के पक्ष में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर भार्गव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाए गए इस कानून को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया तथा पीएम मोदी का अभिनंदन किया।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि इस अधिनियम के उद्देश्यों और प्रावधानों को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे। नगर निगम के प्रतिनिधियों ने महिला पार्षदों सहित शहर की समस्त महिलाओं को इस ऐतिहासिक अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीति में व्यापक भागीदारी का अवसर देगा और देश के शासन व नेतृत्व में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करेगा।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई उड़ान
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति के निर्णय सदैव देश को नई दिशा और नई दशा प्रदान करते हैं। महिला आरक्षण विधेयक के लागू होने से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व उल्लेखनीय रूप से बढ़ेगा, जिससे देश को एकजुट करने और नीति-निर्माण में संतुलन लाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, बैठक में अधिक से अधिक महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में आगे लाने के लिए सामूहिक और ठोस प्रयास करने का आह्वान भी किया गया।
शहर विकास के लिए भी लिए गए अहम फैसले
एमआईसी की इस बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रस्ताव के अलावा शहर के बुनियादी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। कुशवाह नगर में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही शहर में 25 नए स्मार्ट टॉयलेट निर्मित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और आधुनिक सुविधाएं सुलभ हो सकें।
Thank you for reading this post!
