इंदौर से नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में अब यात्रियों को ज्यादा सीटें मिलने वाली हैं। रेलवे बोर्ड की कमेटी ने ट्रेन में कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और सीटों की भारी मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, नए रैक कब जोड़े जाएंगे, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
हाल ही में रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत की ऑक्यूपेंसी और पैसेंजर डिमांड पर सभी जोन और मंडलों से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट के आधार पर देशभर में चल रही सात वंदे भारत ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला लिया गया है।
रतलाम रेलवे मंडल से मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर-भोपाल वंदे भारत में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और टिकटों की कमी एक बड़ी समस्या बन चुकी है। वर्तमान में यह ट्रेन 8 कोच की है, जिसमें कुल 530 सीटें हैं। इसमें 52 सीटें एक्जीक्यूटिव क्लास और बाकी चेयर कार कोच में हैं।
सी-1 और सी-7 कोच में 88 सीटें हैं, जबकि सी-2 से सी-6 तक के पांच कोच में प्रत्येक में 78 सीटें यानी कुल 390 सीटें हैं। इसके अलावा बी-1 (एक्जीक्यूटिव क्लास) कोच में 52 सीटें हैं।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन को अब 16 कोच का बनाया जाएगा। इसके बाद इसमें सीटों की संख्या बढ़कर 1150 से ज्यादा हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Thank you for reading this post!
