देश के कई हिस्सों में हो रही बेमौसम बारिश का असर अब हवाई यात्राओं पर भी दिखने लगा है। गोवा में भारी बारिश के कारण सोमवार रात से उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया, जिसका असर इंदौर आने वाली फ्लाइट्स पर भी पड़ा। गोवा से पुणे होते हुए इंदौर आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E 284/701) मंगलवार सुबह करीब 3 घंटे 30 मिनट की देरी से पहुंची।
आमतौर पर यह विमान सुबह 6:40 बजे पुणे से उड़ान भरकर 7:10 बजे इंदौर पहुंचता है और 7:40 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होता है। हालांकि, इस बार यह फ्लाइट सुबह 10:10 बजे इंदौर पहुंची और 10:40 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हो सकी। फ्लाइट में देरी के कारण इंदौर एयरपोर्ट पर सुबह 5 बजे से ही बेंगलुरु जाने वाले यात्री इंतजार में परेशान रहे।
एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, यह विमान गोवा से पुणे होकर इंदौर आता है, लेकिन गोवा में तेज बारिश और खराब मौसम के चलते समय पर उड़ान नहीं भर सका। इंडिगो की ओर से यात्रियों को देरी की जानकारी पहले ही दी गई थी। जो यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, उनके लिए कंपनी ने खाने-पीने की व्यवस्था की और आवश्यक अपडेट समय-समय पर साझा किए।
इस बीच, इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल को नया एयरपोर्ट डायरेक्टर मिल गया है। सुनील मग्गीरवार ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। वे इससे पहले मुंबई एयरपोर्ट की संचार शाखा में जॉइंट जीएम के पद पर कार्यरत थे और शिमला व जलगांव एयरपोर्ट पर डायरेक्टर रह चुके हैं। इंदौर एयरपोर्ट उनके कार्यकाल में अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट होगा। मौजूदा डायरेक्टर विपिन कांत सेठ के ट्रांसफर का आदेश अभी लंबित है, जो अगले कुछ दिनों में जारी होने की संभावना है।
Thank you for reading this post!
