इंदौर में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-04 आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-04 दिशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में, सहायक पुलिस आयुक्त जूनी इंदौर विजय चौधरी के निर्देशन में थाना जूनी इंदौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए थाना जूनी इंदौर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान सैफी नगर रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गोविंद पाटीदार (उम्र 20 वर्ष), निवासी मनासा, जिला नीमच बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 518 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसे विधिवत जप्त किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इंदौर में बी.टेक की पढ़ाई कर रहा है और साथ ही कैफे का व्यवसाय भी शुरू किया था। महंगे शौक और व्यवसायिक नुकसान के चलते उस पर कर्ज हो गया, जिसकी भरपाई के लिए वह अफीम तस्करी में शामिल हो गया। आरोपी अपने घर से अफीम लाकर तस्करी करने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। उल्लेखनीय है कि उसके पिता मनासा (नीमच) में लाइसेंसशुदा अफीम की खेती करते हैं, जहां से ही आरोपी ने अफीम लाकर अवैध रूप से बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 518 ग्राम अफीम जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपी से तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है, जिससे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, उप निरीक्षक विष्णु नीलकंठ, प्रधान आरक्षक 1360 किशोर सोनगरा, आरक्षक 3120 योगेश जाट, आरक्षक 1632 कपिल रावत और आरक्षक 237 श्याम मालवीय की सराहनीय भूमिका रही।
Thank you for reading this post!
