इंदौर शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी क्रम में सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोटों से होने वाली मौतों को कम करने और नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। शहर के विभिन्न चौराहों पर जहां नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर उन्हें जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में आयोजित 25 हेलमेट वितरण कार्यक्रमों के माध्यम से जनसहयोग से 3900 हेलमेट जरूरतमंदों को वितरित किए गए हैं। साथ ही स्वेच्छा से हेलमेट पहनने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में समझाया जा रहा है और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे खुद और दूसरों को सड़क दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों से बचा सकें।
पिछले तीन महीनों में चलाए गए “हेलमेट पहनें – सुरक्षित रहें” विशेष अभियान के दौरान कुल 1,03,358 वाहन चालकों के खिलाफ हेलमेट नहीं पहनने पर कार्रवाई की गई है।
इंदौर ट्रैफिक पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट का उपयोग करें और यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें, क्योंकि सड़क पर सुरक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Thank you for reading this post!
