मूलतान सोसायटी को थमाया लीज निरस्ती का नोटिस
इंदौर। सिरपुर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन कॉलोनाइजरों पर एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, गंगवाल बस स्टैंड के पास स्थित विवादित कॉलोनी भक्त प्रहलाद नगर की संस्था मूलतान को-ऑपरेटिव सोसायटी को लीज निरस्ती का नोटिस थमाया गया है।
नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत 100 से अधिक अवैध कॉलोनियों की जांच जारी है। निगमायुक्त एवं प्रभारी कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि कॉलोनी सेल को मिली शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सिरपुर क्षेत्र में सर्वे नंबर 526/1/1 पर अवैध कॉलोनी काटने की शिकायत मिलने के बाद संबंधित कॉलोनाइजरों पर द्वारकापुरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मामला:
निगम के सहायक यंत्री सत्येंद्र सिंह ने द्वारकापुरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह लोगों पर एफआईआर दर्ज की। इन आरोपियों में:
- अनिल पिता रामराव बोराड़े
- प्रदीप बोराड़े
- जयश्री पति स्व. अशोक
- सीमा पति स्व. विजय
- उर्मिला पति स्व. सूर्यकांत
- गौरव द्विवेदी
शामिल हैं।
भक्त प्रहलाद नगर कॉलोनी पर कार्रवाई
गंगवाल बस स्टैंड के पास स्थित विवादित भक्त प्रहलाद नगर कॉलोनी में आवासीय भूखंडों पर होटल और हॉस्टल जैसे व्यावसायिक निर्माण किए जा रहे थे। एसडीएम मल्हारगंज ने मूलतान को-ऑपरेटिव सोसायटी को सरकारी जमीन के दुरुपयोग और लीज खत्म होने के बावजूद गतिविधियां जारी रखने के लिए नोटिस थमाया।
निगम का सख्त रुख
पिछले कुछ दिनों में नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने, अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाने और सुगम यातायात के लिए सड़कों एवं फुटपाथों पर से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। विवादित कॉलोनी भक्त प्रहलाद नगर की लीज कई साल पहले खत्म हो चुकी है, लेकिन इसे अब तक पुनर्जीवित नहीं किया गया।
निगमायुक्त ने साफ किया है कि अवैध निर्माणों और जमीन के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।
Thank you for reading this post!
