बॉडी बिल्डिंग शरीर की साधना का अद्भुत खेल : डॉ. मोहन यादव
-
फेडरेशन को 5 लाख रुपये देने की घोषणा
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बॉडी बिल्डिंग शरीर की साधना का अद्भुत खेल है — यह संगमरमर की मूर्ति पर रेखा उकेरने जैसा कठिन और अनुशासित कार्य है। वे रविवार को इंदौर के बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित 17वीं सीनियर मेन्स-विमेंस नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप-2026 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में खेलों को नई ऊंचाइयां मिल रही हैं। नई शिक्षा नीति में भी खेलों को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है, जो युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक कदम है।
इस अवसर पर डॉ. यादव ने इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन को 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पद्मश्री से सम्मानित प्रेमचंद डिगरा का विशेष सम्मान किया।
फाइनल में पांच राज्यों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
दो दिवसीय चैंपियनशिप के फाइनल राउंड में पंजाब के टोनू कुमार, केरल के रियाज टीके, कर्नाटक के प्रशांत कानूकर, उत्तराखंड के पंकज सिंह बिष्ट और तेलंगाना के हरीश वालूगुंडा ने बॉडी बिल्डिंग की सात अनिवार्य मुद्राओं का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए सभी प्रतिभागियों की खेल भावना की सराहना की।
यह प्रतियोगिता इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन, मुंबई के तत्वावधान में राज्य शरीर सौष्ठव संस्था द्वारा आयोजित की गई, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Thank you for reading this post!
