यह सुविधा महाकालेश्वर मंदिर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होने वाली है। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाकाल मंदिर प्रबंधन समिति का स्थायी काउंटर स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन टिकट, भस्म आरती पास, महाकाल लोक भ्रमण, निवास और परिवहन संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट सलाहकार समिति की हालिया बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
इंदौर एयरपोर्ट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं, जो सीधे उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जाते हैं। अब उन्हें मंदिर पहुंचने से पहले ही ऑन-द-स्पॉट टिकट और जरूरी जानकारी मिल सकेगी, जिससे समय की बचत होगी और भीड़ में टिकट या पास के लिए होने वाली परेशानी भी कम होगी। काउंटर जल्द शुरू किया जाएगा और यहां प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जो श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और अन्य सहायता प्रदान करेंगे।
महाकाल लोक के विकसित स्वरूप के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, और हजारों लोग इंदौर के रास्ते उज्जैन पहुंचते हैं। इस नई सुविधा से उनकी यात्रा और अधिक सहज हो जाएगी। वहीं इंदौर से उज्जैन जाने वाले मार्ग को सिक्स लेन में बदलने का काम भी जारी है। हर सप्ताह सेलिब्रिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग भस्म आरती में शामिल हो रहे हैं, ऐसे में एयरपोर्ट पर यह काउंटर आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी रहेगा। आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Thank you for reading this post!
