इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) में लंबे समय से चली आ रही अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए 29 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खाली पदों के कारण विकास कार्यों और प्रोजेक्ट्स की गति प्रभावित हो रही थी, जिसे अब पटरी पर लाने की तैयारी की जा रही है।
सेवानिवृत्ति के चलते मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, साथ ही सम्पदा और राजस्व निरीक्षक जैसे कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हो गए थे। इन पदों के खाली रहने से टेंडर प्रक्रिया, निरीक्षण और अन्य कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे थे।
आईडीए ने पूर्व में कई बार शासन को पत्र लिखकर नियुक्तियों की मांग की थी। अब बोर्ड प्रस्ताव के बाद शासन से अनुमति मिलने पर 29 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इससे इंजीनियरिंग और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी।
प्रोजेक्ट्स को मिलेगी रफ्तार
जिले में टीपीएस योजनाओं और अन्य विकास कार्यों के लिए पर्याप्त स्टाफ की कमी से काम प्रभावित हो रहा था। भर्ती पूरी होने के बाद प्रोजेक्ट्स के समयबद्ध तरीके से पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
आज होगी अहम बैठक
इसी कड़ी में शनिवार को आईडीए में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कलेक्टर शिवम वर्मा और आईडीए के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में चंदन नगर, बड़ा गणपति समेत विभिन्न पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाएगी, साथ ही अन्य विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
Thank you for reading this post!
