Indore : इंदौर स्थित प्रतिष्ठित होलकर साइंस कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एमएससी प्रथम वर्ष की सीसीई परीक्षा के दौरान कुछ उपद्रवी छात्र प्रयोगशाला में घुसकर तोड़फोड़ पर उतर आए। यह घटना बुधवार को दोपहर करीब एक बजे की है, हालांकि कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद यह वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
भंवरकुआ थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र अचानक लैब क्रमांक-1 में घुस आए और वहां परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों तथा कॉलेज स्टाफ के सामने हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने प्रयोगशाला के उपकरणों को नुकसान पहुंचाया, जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं में भय और दहशत का वातावरण बन गया तथा परीक्षा को बीच में ही रोकना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्राचार्या ने भंवरकुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी विकेंद्र सिंह, लोकपाल, चमनदीप, अभय गुर्जर सहित अन्य छात्रों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
चार छात्र गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया और शांति भंग के आरोप में धारा 151 के तहत उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल शेष आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Thank you for reading this post!
