इंदौर| मिताशा फाउंडेशन ने एनीमिया और अंगदान जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन 2025’ के आयोजन की घोषणा की है। यह शहरव्यापी स्वास्थ्य अभियान 14 दिसंबर, रविवार सुबह 7 बजे नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर पलासिया चौराहा के रास्ते पुनः स्टेडियम पर समाप्त होगा।
इस अवसर पर 6,000 से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, डॉक्टर्स, सुरक्षा कर्मियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी की उम्मीद है। अब तक 70 से अधिक संस्थाएँ इस पहल से जुड़ चुकी हैं। विशेष रूप से, वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले मेडल विजेता खिलाड़ी भी इस वॉकाथॉन में शामिल होंगे, जो कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाएंगे।
इस अभियान का उद्देश्य एनीमिया जैसी गंभीर परंतु अक्सर अनदेखी की जाने वाली समस्या पर जन-जागरूकता लाना और अंगदान को एक राष्ट्रीय जनसंकल्प के रूप में सशक्त करना है।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि स्वस्थ समाज ही प्रगतिशील भारत की नींव है। अंगदान किसी के जीवन में नई रोशनी ला सकता है, जबकि एनीमिया के खिलाफ जागरूकता हमारी युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देगी। मिताशा फाउंडेशन का यह प्रयास पूरे देश में सकारात्मक बदलाव का संदेश देगा और इंदौर एक बार फिर उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
मिताशा फाउंडेशन के संस्थापक आलोक सिंघी ने कहा कि किसी भी अभियान की वास्तविक सफलता तब होती है जब जनता उसमें सक्रिय रूप से शामिल हो। हमारा लक्ष्य है कि इंदौर अंगदान संकल्प में अग्रणी शहर बने और एनीमिया को जड़ से मिटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
आयोजन स्थल पर अंगदान रजिस्ट्रेशन बूथ, फ्री हेल्थ चेकअप, एनीमिया जांच, डॉक्टर्स की विशेषज्ञ सलाह, फिटनेस एंबेसडर्स के संदेश और वेलनेस किट सहित कई गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। IMA इंदौर, इंडियन डेंटल एसोसिएशन, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040, नहाटा अकादमी, MGM मेडिकल कॉलेज, अधिवक्ता परिषद, भारत विकास परिषद, सक्षम सेवा, माहेश्वरी समाज, जैन समाज, गुजराती समाज सहित 70 से अधिक संस्थाएँ इस मुहिम का हिस्सा हैं।
अंत में, मिताशा फाउंडेशन ने कहा कि “अंगदान किसी को नया जीवन देने का सबसे बड़ा उपहार है, वहीं एनीमिया से मुक्त इंदौर स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन 2025’ इंदौर की एकता, संवेदनशीलता और जनजागरूकता का प्रतीक बनेगा।”
Thank you for reading this post!
