फलबाग क्षेत्र में 18 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक संपवेल (जल संग्रहण केंद्र) का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी जल संग्रहण क्षमता 3 करोड़ लीटर से अधिक होगी। इसका उद्देश्य भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाना है। बुधवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव और जलकार्य प्रभारी एवं एमआईसी मेंबर अभिषेक शर्मा बबलू ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि आगरा–मुंबई रोड के समीप फलबाग क्षेत्र में बन रहा यह संपवेल पश्चिम क्षेत्र की जलापूर्ति के लिए अहम साबित होगा। वर्तमान में अन्नपूर्णा, द्वारकापुरी, राजेंद्र नगर, प्रगति नगर जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तकनीकी कारणों से पेयजल टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पाती हैं। यह संपवेल उन समस्याओं का समाधान करेगा।
उन्होंने बताया कि अमृत प्रोजेक्ट 2.0 और नर्मदा जल प्रदाय योजना के चौथे चरण के पूर्ण होने में अभी समय लगेगा। ऐसे में यह संपवेल पश्चिम क्षेत्र के लिए एक प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था बनेगा। यहां संग्रहित पानी को लगभग 10 ऊंचाई पर स्थित पेयजल टंकियों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे इन इलाकों में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और भविष्य की जल मांग को देखते हुए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। नगर निगम द्वारा शहर में सुचारु जलापूर्ति के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद, अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post!
