इंदौर: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव के कारण यूएई के कई एयरपोर्ट्स से नियमित उड़ानें प्रभावित हो गई हैं। इससे भारत आ रहे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है। हालांकि, इसी दौरान यूएई से भारत के लिए चार्टर फ्लाइट्स लगातार चल रही हैं, जिनके किराए सामान्य से 4-5 गुना ज्यादा वसूले जा रहे हैं।
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि शारजाह से इंदौर की उड़ान लगातार सातवें दिन भी रद्द रही। इससे इंदौर पहुंचने वाले यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है।
शारजाह से कुछ शहरों के लिए उड़ानें शुरू
कटारिया के अनुसार, शारजाह से कुछ शहरों के लिए नियमित उड़ानें फिर शुरू हो गई हैं। हाल ही में शारजाह से कोच्चि की एक फ्लाइट संचालित हुई, लेकिन इंदौर के लिए अभी कोई उड़ान शुरू नहीं हुई है।
कई प्रमुख ट्रेवल कंपनियां दुबई, शारजाह, अबू धाबी और फुजैरा से भारत के लिए चार्टर फ्लाइट्स चला रही हैं। इनकी टिकटें 80-85 हजार रुपये तक की हैं।
फुजैरा-रसअलखेमा से विशेष उड़ानें
कटारिया ने कहा कि अलहिंद एयरलाइन ने स्पाइसजेट का विमान बुक कर आज फुजैरा से दिल्ली और कल फुजैरा से मुंबई के लिए चार्टर फ्लाइट निर्धारित की है। वहीं, सतगुरु ट्रेवल्स ने एयर इंडिया का विमान बुक कर रसअलखेमा से मुंबई के लिए विशेष उड़ान तय की है।
दुबई में स्थिति सामान्य: चंद्रशेखर भाटिया
मिडिल ईस्ट दुबई के चेयरमैन चंद्रशेखर भाटिया ने बताया कि दुबई में हालात पूरी तरह सामान्य हैं। ऑफिस खुले हैं और लोग रूटीन काम कर रहे हैं। यूएई सरकार व स्थानीय लोग फंसे यात्रियों की मदद के लिए सक्रिय हैं।
इंदौर के 8 यात्री दुबई में 4 दिन फंसे
इंदौर से दुबई गए आठ लोगों का ग्रुप चार दिन तक फंस गया। वे 2 मार्च को लौटने वाले थे, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने से वापसी नहीं हो सकी। ग्रुप सदस्य संजय गोयल ने बताया कि उन्होंने फुजैरा से मुंबई की चार्टर फ्लाइट में प्रति व्यक्ति 85 हजार रुपये देकर टिकट बुक करवाई।
दुबई-मुंबई किराए की कीमतें
- 7 मार्च: 61,000 से 1.18 लाख रुपये
- 8 मार्च: 54,000 से 1.09 लाख रुपये
- 9 मार्च: 27,000 से 82,000 रुपये
- 10 मार्च: 18,000 से 1.09 लाख रुपये
Thank you for reading this post!
