इंदौर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की कई उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि घरेलू उड़ानों का किराया अंतरराष्ट्रीय सफर से भी महंगा हो गया है। मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसका सीधा असर देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट पर देखने को मिल रहा है, जहां सोमवार को भी यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंदौर से आने-जाने वाली 6 से अधिक उड़ानें सोमवार सुबह रद्द कर दी गईं, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उड़ानों के लगातार रद्द होने से घरेलू हवाई किराए में जबरदस्त उछाल आया है। स्थिति यह है कि इंदौर से दिल्ली और मुंबई की उड़ानें शारजाह जैसी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स से भी महंगी हो गई हैं। दिल्ली और मुंबई समेत अन्य प्रमुख शहरों का किराया 15 हजार रुपये से ऊपर पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक, इंदौर से शारजाह का टिकट 16 से 17,600 रुपये के बीच मिल रहा है, जबकि दिल्ली का किराया 16,700 से 20,200 रुपये तक पहुंच गया है। मुंबई के लिए इकोनॉमी टिकट पूरी तरह बुक हैं और बिजनेस क्लास का किराया 29 हजार रुपये तक बताया जा रहा है।
चूंकि इंदौर-शारजाह रूट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, इसलिए वहां किराए स्थिर बने हुए हैं। वहीं, घरेलू रूट पर इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से मांग बढ़ी है और कीमतें आसमान छू रही हैं। ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि इस संकट के चलते बड़ी संख्या में यात्रियों ने ट्रेन और बसों का रुख किया है, जिससे वहां भी सीटों के लिए मारामारी की स्थिति बन गई है। एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि उड़ानों के कम संचालन और अचानक बढ़ी मांग के कारण घरेलू हवाई किराए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं।
Thank you for reading this post!
