इंदौर के रवीन्द्रनाथ टैगोर सभागृह में भाजपा के आधार स्तंभ रहे स्व. प्यारेलाल खण्डेलवाल की 101वीं जयंती के अवसर पर व्याख्यान एवं संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर भी विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उनके पौत्र एवं भाजपा इंदौर के आईटी प्रभारी दीपांश खण्डेलवाल द्वारा किया गया। वे पिछले एक दशक से प्रतिवर्ष जयंती के अवसर पर व्याख्यान के साथ संगीतमय प्रस्तुति का आयोजन करते आ रहे हैं।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि स्व. प्यारेलाल खण्डेलवाल के बताए मार्ग पर चलते हुए भाजपा आज एक विशाल वटवृक्ष के रूप में स्थापित हुई है। जनसंघ से भाजपा तक की वैचारिक यात्रा में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने जीवन में उस विचारधारा को आत्मसात किया।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि खण्डेलवाल परिवार के अन्य सदस्यों—गुलाब खण्डेलवाल और सीतादेवी खण्डेलवाल—ने भी उसी विचारधारा को आगे बढ़ाया, जिसे आज दीपांश खण्डेलवाल निरंतर आगे ले जा रहे हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया ने अपने संबोधन में स्व. खण्डेलवाल को याद करते हुए कहा कि वे संगठन और अनुशासन के प्रतीक थे। उनके मार्गदर्शन में अनेक कार्यकर्ताओं का निर्माण हुआ। आपातकाल के दौरान उनके साथ काम करते हुए संगठन की बारीकियों को समझने का अवसर मिला।
आयोजक दीपांश खण्डेलवाल ने बताया कि स्व. प्यारेलाल खण्डेलवाल का मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को तैयार करने में अमूल्य योगदान रहा है।
Thank you for reading this post!
