इंदौर। इस बार इंदौर में गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच दाऊदी बोहरा समुदाय ने शहरभर में “बीट द हीट” अभियान चलाकर लोगों को राहत पहुंचाने की पहल की। अभियान के तहत रोज़ाना मेहनत-मजदूरी करने वाले श्रमिकों, राहगीरों और तेज धूप में बाहर रहने को मजबूर लोगों को 18 हजार से अधिक गिलास ठंडी छाछ वितरित की गई।
यह अभियान शहर की 11 प्रमुख लोकेशनों पर 300 से अधिक वॉलंटियर्स की मदद से संचालित किया गया। इसका उद्देश्य सड़क किनारे काम करने वाले लोगों, मजदूरों और अन्य जरूरतमंदों को भीषण गर्मी से तत्काल राहत पहुंचाना था। अभियान के अंतर्गत सिलिकॉन सिटी चौराहा, रीजनल पार्क चौराहा, पलासिया चौराहा, टावर चौराहा, माथुरावाला चौराहा, पलसीकर चौराहा, महू नाका चौराहा, चंदन नगर चौराहा, राजवाड़ा चौक, हाई कोर्ट चौराहा, डीपी ज्वेलर्स और राऊ बस स्टैंड जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया।

अभियान के संयोजक खुज़ैमा पेटीवाला ने कहा, “जब शहर में हीटवेव का असर बढ़ जाता है और लोगों के पास धूप में बाहर रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता, तब हम कम से कम उन्हें थोड़ी राहत देने का प्रयास कर सकते हैं। छाछ न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाती है, बल्कि पोषण भी देती है। गर्मी से परेशान लोगों के चेहरों पर राहत और मुस्कान देखना हमारे लिए सबसे बड़ी संतुष्टि है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं इंदौर की सभी दाऊदी बोहरा कमेटियों और वॉलंटियर समूहों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सहयोग, समर्पण और एकजुटता से यह अभियान सफल हो पाया।”
“बीट द हीट” अभियान प्रोजेक्ट राइज़ पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो दाऊदी बोहरा समुदाय की जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पहल के तहत देशभर के विभिन्न शहरों और गांवों में अब तक एक लाख से अधिक लोगों को ठंडे पेय पदार्थ वितरित किए जा चुके हैं। इंदौर में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए समुदाय ने पूरे गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता जारी रखने का संकल्प भी लिया है।
Thank you for reading this post!
