चार आरोपी गिरफ्तार, कुल मशरुका कीमत ₹74.24 लाख
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कनाडिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने ट्रक एवं स्कॉर्पियो वाहन से परिवहन की जा रही 340 पेटी बीयर जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 4080 लीटर एवं कुल मशरुका कीमत लगभग ₹74,24,000 आंकी गई है।
पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा शहर में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमरेन्द्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त खजराना कुंदन सिंह मंडलोई के निर्देशन में थाना कनाडिया पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रवि बाहेड़िया (22 वर्ष) निवासी ग्राम आम्बुआ जिला अलीराजपुर, जगदीश चौहान (25 वर्ष) निवासी ग्राम राडावाट जिला अलीराजपुर, राहुल गोद (36 वर्ष) निवासी कुमार खाड़ी बालगंगा इंदौर तथा धर्मेंद्र पीटनारायण अखाड़े (27 वर्ष) निवासी नानपुर जिला अलीराजपुर शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से 340 पेटी अवैध बीयर विधिवत जब्त की गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा अवैध शराब के नेटवर्क एवं इस कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।
Thank you for reading this post!
