कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक
इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में शनिवार रात कुत्तों को खाना खिलाने और घर के बाहर गंदगी फैलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को हिंसक रूप ले बैठा। सुबह से देर रात तक दोनों पक्षों के बीच तनाव, हंगामा और तोड़फोड़ की घटनाएं होती रहीं।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत शनिवार रात उस समय हुई जब मीतेश नामक युवक वीरेंद्र शेंडगे के घर और कार्यालय के नीचे कुत्तों को खाना खिलाने पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान घर के सामने गंदगी फैलने की बात को लेकर भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे और उनके साथियों ने मीतेश के साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलने पर मीतेश के पिता मुकेश पंवार मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आई मीतेश की पत्नी के साथ भी हाथापाई होने का आरोप लगाया गया है।
महिला के साथ मारपीट की खबर फैलते ही रविवार सुबह दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद उषानगर और बैंक कॉलोनी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि तीन थानों का पुलिस बल तैनात करना पड़ा। इसके बावजूद भीड़ ने वीरेंद्र शेंडगे के घर और कार्यालय पर पथराव कर तोड़फोड़ की।
पुलिस ने मामले में भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र शेंडगे विधायक मालिनी गौड़ के समर्थक माने जाते हैं, जबकि दूसरा पक्ष भी भाजपा से जुड़े एक संगठन से संबंधित है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Thank you for reading this post!
