गांधी हॉल में संपन्न हुआ भव्य ‘इंदौरी रत्न अवॉर्ड 2026’, शहर की 14 विशिष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
इंदौर। संस्था इंदोरियनस द्वारा गांधी हॉल में आयोजित भव्य ‘इंदौरी रत्न अवॉर्ड 2026’ समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज, कला, शिक्षा, खेल, संस्कृति, चिकित्सा, धर्म एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 14 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मान देना था, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से इंदौर को नई पहचान दिलाई है।
समारोह में धर्मेंद्र पुरी महाराज (केवड़ेश्वर धाम), हिंदी साहित्य समिति, प्रो. डॉ. शंकर लाल गर्ग, भेरू सिंह चौहान, शुभा वैद्य, शोभा चौधरी, ज्ञानेंद्र एवं मोनिका पुरोहित, शंकर रघुवंशी (हैप्पी वांडर्स), गिरीश शर्मा, डॉ. अजय हार्डिया और रागिनी मक्कड़ को विभिन्न श्रेणियों में ‘इंदौरी रत्न अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से धनुश्री चौहान एवं आर्या चौधरी को ‘यंग अचीवर अवॉर्ड’, जबकि कुरांगी विजयश्री नागराज को ‘चाइल्ड अचीवर अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई समारोह की शोभा
सम्मान समारोह के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। इंटरनेशनल नाद योग ग्रुप की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। कॉमेडियन दीपक नीमा ने हास्य प्रस्तुति से उपस्थितजनों को खूब गुदगुदाया, जबकि हार्मनी बैंड की लाइव म्यूजिक परफॉर्मेंस ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समाज को प्रेरित करने का प्रयास
संस्था के रवि गुप्ता एवं उमा त्रिवेदी ने कहा कि ‘इंदौरी रत्न अवॉर्ड’ का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, सेवा भावना और उपलब्धियों के माध्यम से इंदौर का नाम रोशन किया है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
संस्था इंदोरियनस ने भविष्य में भी शहर की प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
Thank you for reading this post!
