3 लाख रुपये और दस्तावेजों से भरा बैग 2 घंटे में किया बरामद
इंदौर। दिल्ली के एक सेनेटरी व्यापारी का गुम हुआ 3 लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग इंदौर पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खोजकर वापस लौटा दिया। पुलिस की तत्परता और आधुनिक तकनीक के उपयोग से व्यापारी को बड़ी राहत मिली और उसके चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सेनेटरी व्यापारी राहुल मित्तल 9 जून 2026 को व्यापारिक भुगतान (पेमेंट) लेने लिए इंदौर आए थे। उन्होंने सियागंज क्षेत्र के व्यापारियों से पैसे लिए और ई-रिक्शा से सिंधी कॉलोनी की ओर रवाना हुए। सिंधी कॉलोनी पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनका बैग रास्ते में कहीं गिर गया है।
बैग में लगभग 3 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक दस्तावेज रखे हुए थे। इसके बाद राहुल मित्तल ने तत्काल रावजी बाजार थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश यादव और उनकी टीम सक्रिय हो गई। व्यापारी द्वारा बताए गए मार्ग के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आधुनिक तकनीक की मदद से बैग की तलाश शुरू की। पुलिस को कुछ ही घंटों में सफलता मिल गई और बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बरामद बैग में रखी पूरी नकदी और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए। बैग वापस मिलने पर व्यापारी राहुल मित्तल ने राहत की सांस ली और रावजी बाजार थाना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया।
इस सराहनीय कार्रवाई में उप निरीक्षक ललिता डावर, प्रधान आरक्षक मुकेश गायकवाड़ एवं प्रधान आरक्षक प्रतिपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Thank you for reading this post!
