इंदौर। शहर के चिकित्सकों का प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संगठन स्पंदन परिवार पिछले 35 वर्षों से चिकित्सा सेवा और संगीत साधना के अद्भुत संगम को जीवंत बनाए हुए है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी डॉक्टर्स डे और वर्ल्ड म्यूजिक डे के उपलक्ष्य में एक विशेष संगीतमय संध्या ‘सुर जी कल स्ट्राइक’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार, 28 जून 2026 को शाम 6 बजे से लाभ मंडपम ऑडिटोरियम, खेल प्रशाल, इंदौर में आयोजित होगा।
इस संगीतमय आयोजन में शहर के चिकित्सक कलाकार अपने मधुर स्वर और संगीत प्रतिभा से श्रोताओं को सदाबहार एवं समकालीन गीतों की सुरमयी यात्रा पर ले जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन एवं गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करा चुके डॉ. दीपक कुलकर्णी होंगे, जो पहली बार स्पंदन डॉक्टर्स टीम के साथ मंच साझा करेंगे। दर्शकों को उनके व्यक्तित्व और गायन प्रतिभा से रूबरू होने का विशेष अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. हेमंत मंडोवरा, डॉ. अमित वर्मा, डॉ. प्रमोद नीमा, डॉ. अतुल भट्ट, डॉ. पिनाक भटनागर, डॉ. रूचि शाह, डॉ. मून जैन, डॉ. निकिता भटनागर सहित कई चिकित्सक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय कुमार लोंढे करेंगे, जबकि संगीत संयोजन अभिजीत गौड़, कपिल राठौर एवं उनकी टीम द्वारा किया जाएगा।
स्पंदन परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं आयोजन से जुड़े चिकित्सक डॉ. मनोज भटनागर ने बताया कि चिकित्सकों का जीवन अत्यंत व्यस्त और जिम्मेदारियों से भरा होता है। ऐसे में संगीत उन्हें मानसिक संतुलन, सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्पंदन परिवार पिछले तीन दशकों से अधिक समय से यह संदेश देता आ रहा है कि डॉक्टर केवल उपचारकर्ता ही नहीं, बल्कि कला और संस्कृति के संवाहक भी हैं, जो समाज के साथ भावनात्मक जुड़ाव को सशक्त बनाते हैं।
उन्होंने शहरवासियों से इस विशेष संगीतमय संध्या में शामिल होकर चिकित्सकों की कला प्रतिभा का आनंद लेने की अपील की।
Thank you for reading this post!
