इंदौर। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों और परिवारों के लिए एक अनोखा और रचनात्मक आयोजन ‘राखी किड्स बाज़ार 2026’ रविवार, 09 अगस्त को सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक श्याम पैलेस, फूटी कोठी, इंदौर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश सभी आगंतुकों के लिए निःशुल्क रहेगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और उद्यमिता की भावना विकसित करने का अवसर देना है।
आयोजक एवं क्रिएटिव कोच राधिका लड्डा ने कहा, “हर बच्चे को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच मिलना चाहिए। मंच बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को निखारने का माध्यम बनता है। राखी किड्स बाज़ार 2026 बच्चों और परिवारों को सीखने, खेलने और साथ मिलकर जश्न मनाने का अवसर देगा। इस आयोजन के माध्यम से बच्चे खेल-खेल में उद्यमिता और अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने का अनुभव भी प्राप्त करेंगे।”
कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न आयु वर्गों के अनुसार प्रतिभा प्रदर्शन की श्रेणियां रखी गई हैं। नन्हें सितारे (3-5 वर्ष) श्रेणी में कविता, एक्शन गीत, नृत्य और फैंसी ड्रेस; उभरते सितारे (6-9 वर्ष) में नृत्य, गायन, कहानी सुनाना, जादू और योग; जबकि सुपर सितारे (10-15 वर्ष) में नृत्य, गायन, वाद्ययंत्र, भाषण, मार्शल आर्ट्स और कविता जैसी प्रस्तुतियां शामिल होंगी। प्रतिभागी अपने माता-पिता या अभिभावक के साथ इसमें भाग लेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाणपत्र, मंच पर फोटो और सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
राखी किड्स बाज़ार में बच्चों द्वारा बच्चों के लिए लगाए गए शॉपिंग स्टॉल, फूड स्टॉल, मनोरंजक खेल, फैमिली पिक्चर तंबोला और टैलेंट शो प्रमुख आकर्षण होंगे। शाम 5:00 से 6:00 बजे तक फैमिली पिक्चर तंबोला और शाम 6:30 बजे से ग्रैंड लकी ड्रॉ आयोजित किया जाएगा, जो पूरे परिवार के लिए मनोरंजन का विशेष आकर्षण रहेगा।
बच्चों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी काम कर रहीं राधिका लड्डा वैदिक गणित कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को तेज और सटीक गणना की सरल एवं रोचक तकनीकें सिखाती हैं। इसके अलावा फॉनिक्स एवं स्पेलिंग नियम कार्यक्रम और समर कैंप के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई, प्रोजेक्ट कम्प्लीशन और सीखने की प्रक्रिया में आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
Thank you for reading this post!
