बच्चों को पसंद आई रोलर कोस्टर राइड
14D सिनेमा और वर्चुअल जंगल सफारी भी बनी आकर्षण का केंद्र
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में देश का पहला वर्चुअल जू शुरू किया गया है। इसके साथ ही कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में 14D सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी की सुविधा भी शुरू की गई है। करीब 4.5 करोड़ रुपए की लागत से PPP मॉडल पर विकसित इन सुविधाओं के जरिए तकनीक के माध्यम से लोगों को वन्यजीव और प्रकृति का नया अनुभव देने की कोशिश की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक दिन पहले इन नई सुविधाओं का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ 14D सिनेमा में फिल्म भी देखी। इन सुविधाओं के जरिए बच्चों और पर्यटकों को तकनीक के माध्यम से वन्यजीव, जंगल और प्रकृति को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
पहले दिन 14D थिएटर के लगभग सभी शो हाउसफुल
14D थिएटर मंगलवार से आम दर्शकों के लिए खोल दिया गया। पहले ही दिन थिएटर के लगभग सभी शो हाउसफुल रहे। बच्चों और परिवारों के साथ बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और मूविंग सीट्स, विजुअल इफेक्ट्स और अलग-अलग राइडिंग इफेक्ट्स के साथ फिल्म देखने का रोमांचक अनुभव लिया।
पहले दिन थिएटर में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक नजर आई। कई अभिभावक खास तौर पर अपने बच्चों को 14D थिएटर का अनुभव कराने पहुंचे। फिल्म के दौरान सीटों की मूवमेंट और विजुअल इफेक्ट्स बच्चों के लिए खास आकर्षण रहे।
बच्चों को सबसे ज्यादा पसंद आई रोलर कोस्टर जैसी राइड
शो के बाद बच्चों ने बताया कि रोलर कोस्टर जैसी राइड उनके लिए सबसे रोमांचक रही। सीटों का अचानक ऊपर-नीचे और आगे-पीछे मूव होना उन्हें खासा पसंद आया।
देश का पहला वर्चुअल जू बना इंदौर का नया आकर्षण
देश के पहले वर्चुअल जू, 14D सिनेमा और वर्चुअल जंगल सफारी के शुरू होने से कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में मनोरंजन और तकनीक का नया संयोजन देखने को मिल रहा है। PPP मॉडल पर विकसित इन सुविधाओं से बच्चों और पर्यटकों को वन्यजीवों एवं प्रकृति के बारे में तकनीक आधारित अनुभव देने का प्रयास किया गया है।
पहले दिन 14D थिएटर के लगभग सभी शो हाउसफुल रहने और दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद यह सुविधा इंदौर जू के नए प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरती नजर आ रही है।
Thank you for reading this post!
