किफायती आवास और निवेश पर होगा मंथन
ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में जुटेंगे निवेशक और विशेषज्ञ, शहरी विकास व पीपीपी मॉडल पर होगी चर्चा
इंदौर। मध्यप्रदेश में शहरी आवास की बढ़ती मांग, किफायती घरों की उपलब्धता और शहरी विकास में निजी निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहरी आवास विकास, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), निवेश की संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरों की प्लानिंग पर चर्चा होगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश में समावेशी शहरी विकास को गति देना है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 पर रहेगा जोर
कॉन्क्लेव में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के उद्देश्यों के अनुरूप आवासीय सुविधाओं के विस्तार, सरकारी भूमि के प्रभावी उपयोग और आधुनिक तकनीक आधारित विकास मॉडल पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए ऐसे मॉडल विकसित करने पर जोर रहेगा, जिनसे विभिन्न आय वर्गों के लोगों को उनकी आर्थिक क्षमता के अनुसार आवास मिल सकें।
किफायती आवास परियोजनाओं में निवेश को मिलेगा बढ़ावा
आवास परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाने के लिए विकास नियमों में सुधार किए जा रहे हैं। इसमें फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) में वृद्धि, विभिन्न शुल्कों में रियायत और पीपीपी आधारित परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने जैसे उपाय शामिल हैं।
कॉन्क्लेव में निवेशकों, वित्तीय संस्थानों, नगरीय विकास निकायों और विषय विशेषज्ञों की भागीदारी से आवास निर्माण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
श्रमिकों के लिए किराये के आवास और बस्तियों के पुनर्विकास पर भी ध्यान
शहरी आवास विकास की योजना में केवल मकानों का निर्माण ही नहीं, बल्कि किफायती किराये के आवास, औद्योगिक एवं निर्माण श्रमिकों के लिए सुरक्षित आवासीय परिसर और बस्तियों के पुनर्विकास को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही शहरों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है, ताकि रोजगार की तलाश में आने वाले श्रमिकों सहित जरूरतमंद लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकें।
निवेशक और युवा करा सकते हैं ऑनलाइन पंजीयन
राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों, निवेशकों, वित्तीय संस्थानों, स्टार्ट-अप्स और युवाओं को मध्यप्रदेश में शहरी विकास की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक निवेशक, स्टार्ट-अप्स और युवा आधिकारिक वेबसाइट https://ugconclave.mp.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।
Thank you for reading this post!
